गौठानों में सभी कार्यों को बेहतर ढंग से किये जाने पर बल
कोण्डागांव,24 मई 2023
राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना गोधन न्याय योजनान्तर्गत जिले में संचालित गौठानों में गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन सहित अन्य आजीविका मूलक गतिविधियों का नोडल अधिकारियों ने जायजा लेकर गौठान समितियों तथा महिला स्व सहायता समूहों सहित ग्रामीणों को इस दिशा में व्यापक सहभागिता निभा कर आय संवृद्धि करने की समझाईश दी। कलेक्टर श्री दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन के अधिकारियों ने जिले के गौठानों का बुधवार को भ्रमण किया और गौठानों में गौठान समिति के सदस्यों, गौठान मित्रों और स्व सहायता समूहों के सदस्य महिलाओं से रूबरू चर्चा कर गौठान में गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट खाद उत्पादन, पालतू पशुओं के लिये पैरा-चारा की उपलब्धता, पानी की व्यवस्था सहित आजीविका मूलक गतिविधियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने गौठान समिति के सदस्यों, गौठान मित्रों और स्व सहायता समूहों की महिलाओं को गौठान के समुचित प्रबन्धन सहित पशुओं की देखभाल करने की समझाईश देते हुए उन्हें आजीविका मूलक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित किये जाने कहा। वहीं कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी इत्यादि विभागों के मैदानी अमले को गौठान की सभी कार्यों को बेहतर ढंग से क्रियान्वित किये जाने के निर्देश दिये।
गौठान भ्रमण के दौरान कोण्डागांव ब्लॉक के बोलबोला गौठान के नोडल अधिकारी ने बताया कि उक्त गौठान के संचालन हेतु सरपंच श्री रतनू पोयाम सहित गौठान समिति के सदस्य, महिला स्व सहायता समूहों के महिलाएं तथा ग्रामीण सक्रिय होकर योगदान दे रहे हैं। वहीं इस गौठान में ओमफेड परियोजना के तहत 15 हितग्राहियों द्वारा गाय पालन किया जा रहा है, जिससे दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिला है और दुग्ध उत्पादन से इन पशु पालकों की आय में वृद्धि के फलस्वरूप ये हितग्राही उक्त आजीविका मूलक गतिविधि को पूरी लगन एवं मेहनत के साथ संचालित कर रहे हैं।
निर्देशानुसार एसडीएम केशकाल शंकर लाल सिन्हा द्वारा मुरनार गौठान, एसडीएम फरसगांव सीमा ठाकुर द्वारा बंजोड़ा गौठान, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं शिशिरकांत पाण्डेय द्वारा बोलबोला गौठान, कृषि विभाग के उप संचालक डीपी तांडे द्वारा झारा गौठान, परियोजना प्रशासक संकल्प साहू द्वारा आमागुहांन गौठान, सीएमओ नगरपालिका कोण्डागांव दिनेश डे द्वारा नगर पंचायत फरसगांव स्थित गौठान का निरीक्षण किया गया। इसी प्रकार सभी नोडल अधिकारियों द्वारा गौठानों में जा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
क्रमांक-426/कमल