- 19 मई 2023
जय मां शारदा मानस परिवार नारायणपुर ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
नारायणपुर, 19 मई 2023
शासन के निर्देशानुसार जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों (प्रथत स्थान प्राप्त प्रतिभागियों) को जिला स्तर पर 19 मई 2023 को नगरपालिका क्षेत्रांतर्गत जगदीश मंदिर नारायणपुर में प्रातः 11 बजे से रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जय मां शारदा मानस परिवार, नारायणपुर ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस मंडली को 50 हजार रुपए पुरस्कार राशि और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती नेताम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनाथ उसेंडी, श्री संजय राय, डिप्टी कलेक्टर श्री रामसिंह सोरी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
जिला स्तरीय रामायण प्रतियोगिता कार्यक्रम में तीन मानस मंडलियों ने अपनी प्रस्तुति दी। इसमे प्रथम स्थान जय मां शारदा मानस परिवार नारायणपुर, द्वितीय स्थान मां अम्बे मानस परिवार ओरछा तथा तृतीय स्थान नवयुवक मानस मंडली, महिमागवाड़ी ने प्राप्त किया। प्रत्येक मानस मंडली को 30-30 मिनट का समय दिया गया तथा इस प्रतियोगिता में पारंपरिक वाद्य यंत्रों का ही उपयोग करना अनिवार्य था। राज्य स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 27 से 29 मई 2023 तक रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया जाएगा।
एस.शुक्ल/415