मुख्य सामग्री पर जाएं
स्क्रीन रीडर एक्सेस
मंगलवार, 06 जून 2023
मुख्य समाचार:

दंतेवाड़ा : सिंगल यूज प्लास्टिक के बदले वैकल्पिक थैलों का करें उपयोग- कलेक्टर

प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग उपयोग करने पर होगी कार्रवाई
लंबित राजस्व प्रकरणों का करे तेजी से निराकरण
समय सीमा की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

दंतेवाड़ा, 31 जनवरी 2023

जनसामान्य के हित में कार्य करते हुए राजस्व प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करते हुए प्रकरणों के निराकरण में गति लाने के निर्देश आज कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार ने समय सीमा की बैठक में दिए। उन्होंने डंकिनी सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों के कार्यों की गहन समीक्षा की। कलेक्टर श्री नंदनवार ने कहा कि अपील, डायवर्सन, सीमांकन, जाति प्रमाण पत्र संबंधी लंबित प्रकरणों का समाधान करें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए गंभीरता से कार्य करने की बात कही। खनिज न्यास मद के वर्षों लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को समय से करने के निर्देश दिए। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन की जिले में प्रगति, गौठान एवं गोबर खरीदी के बारे में जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने गोबर खरीदी के साथ-साथ वर्मी खाद निर्माण में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने पशुओं के वैक्सीनेशन से संबंधित जानकारी ली,  पशुओ की रखरखाव एवं प्रबंधन की व्यवस्थाओं के बारे में दिशा निर्देश दिये। कृषि विभाग द्वारा  सामूहिक उद्वहन सिंचाई की प्रगति के बारे में जानकारी ली। जल जीवन मिशन कार्यक्रम के तहत सभी शासकीय स्कूल भवनों में रनिंग वाटर पेयजल व्यवस्था की अद्यतन जानकारी लेते हुए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
 प्लास्टिक मुक्त जिला बनाने अब प्रशासन हर सम्भव प्रयास कर रहा है। कलेक्टर श्री नंदनवार ने कहा कि जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने अपने घरों से शुरुआत करें। अपने कार्यालयों को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त बनाएं। कलेक्टर श्री नंदनवार ने सभी अधिकारियों को जिले में पॉलीथिन का इस्तेमाल करने वालों पर सतत निगरानी रखते हुए कार्रवाई करने की बात भी कही। साथ ही कहा कि प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने एवं वैकल्पिक बैग जैसे कपड़े से बने थैले का उपयोग करने जागरूकता लाने अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में मिलेट मिशन, बायोफ्लॉक यूनिट, पीडीएस, आंगनबाड़ी से संबंधित, आरसीएच पोर्टल के सबंध में भी जानकारी ली गयी। उन्होंने पूर्व में निदान शिविर में मिले आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री सागर जाधव, जिला पंचायत सीईओ श्री ललितादित्य नीलम, एसडीएम श्री कुमार बिश्वरंजन, संयुक्त कलेक्टर श्री सुरेंद्र ठाकुर सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आम लोगों की समस्या     
जिला मुख्यालय में प्रति सप्ताह होने वाली समय सीमा की बैठक के पश्चात जनदर्शन में आम लोगों ने कलेक्टर श्री विनीत नंदनवार के समक्ष उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराया। जनदर्शन में नागरिकों ने विभिन्न आवेदन सौंपे। श्री नंदनवार ने जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आये आमजनों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुन कर नियमानुसार त्वरित कार्यवाही करने हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
स.क्र./85/देविका